समाजवादी पार्टी लगातार कमजोर हो रही:परिवहन मंत्री बोले- नेताजी ने 2012 में सरकार बनाकर अखिलेश को दी, तब से हार रहे


उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) में बड़ी टूट के ओमप्रकाश राजभर के दावे का समर्थन किया है। बलिया में मीडिया से बात करते हुए मंत्री सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव के साथ काम करने वाले कई नेता एक-एक करके पार्टी छोड़ चुके हैं। इसके पीछे मुख्य कारण यह है कि ‘नेताजी’ (मुलायम सिंह यादव) से जुड़े लोगों को पार्टी में सम्मान नहीं मिल रहा है। मंत्री ने याद दिलाया कि नेताजी ने 2012 में सपा सरकार बनाकर अखिलेश यादव को दी थी, लेकिन उसके बाद से पार्टी लगातार चुनाव हार रही है और अखिलेश यादव पार्टी के बिखराव को रोकने में असमर्थ रहे हैं। अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर टिप्पणी करते हुए दयाशंकर सिंह ने इसकी परिभाषा ‘पाताल, धरती और आकाश’ बताई। उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब अखिलेश का घर और उनके घर का विकास है। मंत्री ने सवाल उठाया कि जब पार्टी का कोई कार्यकर्ता मुख्यमंत्री बनने का सपना नहीं देख सकता, तो फिर पीडीए का क्या अर्थ है। अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ चंपत राय के न दिखाई देने के सवाल पर मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि हर कोई हर जगह मौजूद नहीं रहता। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री कई बार अयोध्या गए हैं और यह जरूरी नहीं कि कोई विशेष व्यक्ति हर बार उनके साथ दिखाई दे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *