![]()
रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में राम सिंगला हॉस्पिटल के सामने शुक्रवार को एक चलती सीएनजी कार में अचानक आग लग गई। चालक की सतर्कता और सूझबूझ के चलते कार में सवार सभी चार लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, कार स्वामी फारमूद अली अपने साथियों के साथ किसी कार्य से रामपुर आए थे। मोबाइल फोन रिपेयर कराने के बाद वे अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान राम सिंगला हॉस्पिटल के सामने पहुंचते ही उन्हें वाहन से असामान्य गंध महसूस हुई। कुछ ही क्षण बाद कार के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया और सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद कार के बोनट से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पानी और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने से कार के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। कार स्वामी फारमूद अली ने बताया कि वाहन सीएनजी से संचालित है, लेकिन आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आग बुझने के बाद कार दोबारा स्टार्ट नहीं हुई। उन्होंने बताया कि वाहन को मैकेनिक के पास ले जाकर तकनीकी जांच कराई जाएगी, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सके। घटना की सूचना सिविल लाइंस थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
Source link
रामपुर में चलती सीएनजी कार में लगी आग:ड्राइवर ने गाड़ी रोककर 4 लोगों को बाहर निकाला