![]()
लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र में एक छात्रा की हत्या के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सुनील राजपूत को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार (आलाकत्ल) और मृतका का सामान भी बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय छात्रा सोमवार को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। अगले दिन वह अदलीशपुर गांव के पास एक खेत के किनारे घायल अवस्था में मिली। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी धौरहरा के मार्गदर्शन में ईसानगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने इस मामले में सफलता हासिल की। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने थाना ईसानगर में दर्ज मुकदमा में वांछित आरोपी सुनील राजपूत पुत्र चंद्रिका प्रसाद, निवासी ग्राम फूलपुर मजरा अदलीशपुर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल और मृतका का सामान भी बरामद किया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी से घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, सर्विलांस सेल के एएसआई शरद शुक्ला, हेड कांस्टेबल उमेश मिश्रा, हेड कांस्टेबल मोहम्मद शोएब, कांस्टेबल महताब और कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह शामिल थे।
Source link
छात्रा हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने गला दबाकर हत्या की पुष्टि की, आलाकत्ल और सामान बरामद