सड़क पर ‘शराब पार्टी’ पर पुलिस का एक्शन:प्रयागराज में शराबियों को खदेड़कर पकड़ा गया, 13 का चालान, कई गाड़ियां भी सीज


प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में सड़क किनारे और वाहनों में बैठकर शराब पीने वालों के खिलाफ शुक्रवार शाम पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। शहर की प्रमुख सड़कों पर अचानक शुरू हुई चेकिंग से हड़कंप मच गया। पुलिस ने सड़क पर शराब पीते मिले लोगों को पकड़कर थाने पहुंचाया, जबकि कई वाहनों को भी सीज किया गया।
शिकायतों के बाद हरकत में आई पुलिस
पुलिस के अनुसार पिछले कई दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शाम होते ही सिविल लाइंस क्षेत्र की सड़कों और शराब की दुकानों के आसपास लोगों का जमावड़ा लग जाता है। कई लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर उनमें बैठकर शराब पीते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है।
प्रमुख सड़कों पर चला अभियान
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार शाम सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव पुलिस बल के साथ स्वयं सड़कों पर उतरे। एसपी मार्ग, एमजी मार्ग, सरोजिनी नायडू मार्ग, दयानंद मार्ग समेत कई प्रमुख सड़कों और शराब की दुकानों के आसपास व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।
वाहनों में बैठकर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों और सड़क किनारे शराब पीते मिले लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया। कई स्थानों पर कारों और अन्य वाहनों में बैठकर शराब पी रहे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस की अचानक मौजूदगी से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग वहां से किसी तरह निकलने का प्रयास करते दिखाई दिए।
13 लोग थाने लाए गए
पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल 13 लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों को भी सीज किया गया।
सख्त लहजे में दी चेतावनी
सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना कानून का उल्लंघन है। इससे कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था दोनों प्रभावित होती हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतों के आधार पर यह अभियान चलाया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *