![]()
लखनऊ के कैसरबाग स्थित राज्य ललित कला अकादमी में वन वाइस ट्रस्ट द्वारा आयोजित 18वीं अंतरराष्ट्रीय मोहर्रम प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। इस वार्षिक आयोजन में कैलीग्राफी , छायाचित्र और चित्रकला के माध्यम से मोहर्रम की परंपरा, इतिहास, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं को कलात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है। उद्घाटन समारोह में कला प्रेमियों की अच्छी उपस्थिति दर्ज की गई। इस वर्ष प्रदर्शनी में भारत और विदेश के कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों के अनुसार, ईरान, इराक, स्पेन, ग्रीस, सऊदी अरब, ब्रिटेन, लेबनान, अल्जीरिया, यमन, तुर्की और बोस्निया सहित कई देशों के 21 विदेशी कलाकारों ने अपनी रचनाएं भेजीं। वहीं, भारत के 15 शहरों से 17 कलाकार और लखनऊ के 48 कलाकारों ने भी अपनी कलाकृतियां प्रदर्शित कीं। बेहतर कृतियों को प्रदर्शन के लिए चुना गया प्रदर्शनी के लिए कुल 135 छायाचित्र, 55 पेंटिंग और 160 कैलीग्राफी कृतियां प्राप्त हुईं। चयन समिति ने इनमें से 70 छायाचित्र, 32 पेंटिंग और 68 कैलीग्राफी कृतियों को प्रदर्शन के लिए चुना। करामत कॉलेज, यूनिटी कॉलेज और एसजे स्कूल के 44 विद्यार्थियों की रचनाएं भी प्रदर्शनी का हिस्सा बनीं, जिससे युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। उद्घाटन समारोह में ‘मानवता की मोमबत्ती’ एक साथ जलाकर शांति, सौहार्द और इंसानियत का संदेश दिया गया। गुजरात के गौरी यूसुफ हुसैन, गुरुग्राम के जामी हुसैन, दिल्ली की प्रो. जूही शुक्ला, एरा मेडिकल कॉलेज के कुलपति प्रो. अब्बास अली मेहदी और पूर्व आईएएस शाहिद मंजर सहित कई शिक्षाविदों, कलाकारों और सामाजिक हस्तियों ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में मोहर्रम से जुड़ी छायाचित्रों प्रस्तुत किया आयोजक एस.एन. लाल ने बताया कि इस वर्ष कैलीग्राफी कलाकारों की भागीदारी सबसे अधिक रही। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में मोहर्रम से जुड़ी विरासत, ऐतिहासिक स्थलों, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को छायाचित्रों और चित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। यह आयोजन कला के माध्यम से इंसानियत, भाईचारे और सांस्कृतिक संवाद को मजबूत करने का एक प्रयास है।
Source link
18वीं अंतरराष्ट्रीय मोहर्रम प्रदर्शनी का उद्घाटन:लखनऊ के राज्य ललित कला अकादमी में वन वाइस ट्रस्ट ने किया आयोजन