झांसी में दिनभर की उमस और गर्मी के बाद बारिश:तेज हवाओं से गर्मी में मिली राहत, टेम्परेचर 34℃ आया


झांसी में शुक्रवार को दिनभर भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किए रखा। दोपहर में जिले का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में बांदा, प्रयागराज और वाराणसी के बाद सबसे अधिक रहा। तेज धूप और उमस के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही शुक्रवार को झांसी में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई थी। विभाग के अनुमान के अनुसार अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद थी, लेकिन पारा अनुमान से 1.6 डिग्री अधिक चढ़कर 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
हालांकि शाम होते-होते मौसम ने करवट ले ली। करीब 7 बजे के बाद आसमान में बादल छाने लगे और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद शहर के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। बारिश और हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली और तापमान घटकर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों ने राहत की सांस ली, वहीं सड़कों और बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ती नजर आई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी झांसी के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। साथ ही बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की स्थिति बनी रह सकती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *