रोहतक जेल से बहन की शादी में आया कैदी:पुलिस कस्टडी में निभाईं रस्में, हथकड़ी में रहा कैदी, विदाई से पहले होगा रवाना


सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र के बंशीपुरवा गांव में हरियाणा की रोहतक जेल में बंद कैदी बहन की शादी में शामिल होने के लिए पुलिस कस्टडी में गांव पहुंचा। कैदी को न्यायालय से 48 घंटे की सीमित अवधि की अनुमति मिलने के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसके घर लाया गया, जहां उसने परिवार के साथ शादी की रस्मों में हिस्सा लिया। बंशीपुरवा निवासी धर्मेंद्र उर्फ बनवारी पिछले करीब चार वर्षों से हरियाणा की रोहतक जेल में बंद है। उसे एक गंभीर मामले में न्यायालय द्वारा सजा सुनाई गई है। परिवार में उसकी बहन लक्ष्मी की शादी 19 जून को निर्धारित है। बहन की शादी में शामिल होने की अनुमति मिलने पर धर्मेंद्र को पुलिस अभिरक्षा में गांव लाया गया। बृहस्पतिवार शाम करीब 6 बजे धर्मेंद्र हथकड़ी लगाए हुए अपने घर पहुंचा, जहां परिजन उसे देखकर भावुक हो उठे। बहन की शादी की तैयारियों के बीच भाई की मौजूदगी परिवार के लिए खुशी और भावनाओं से भरा पल बन गई। हालांकि पूरे समय वह पुलिस निगरानी में रहा। पुलिस सूत्रों के अनुसार धर्मेंद्र को शादी समारोह में शामिल होने के लिए दो दिनों की अनुमति दी गई है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए उसके साथ हरियाणा की रोहतक पुलिस के जवान मौजूद रहे। स्थानीय स्तर पर हरगांव पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही और पूरे कार्यक्रम पर नजर रखी गई। बताया गया कि धर्मेंद्र को शादी की मुख्य रस्मों में शामिल होने का अवसर दिया गया है, लेकिन निर्धारित समय पूरा होने से पहले ही उसे वापस जेल ले जाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी रही। एक ओर बहन की शादी की खुशियां थीं तो दूसरी ओर भाई का हथकड़ियों में घर पहुंचना परिवार और ग्रामीणों के लिए भावुक क्षण साबित हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *