रोहित प्रजापति | अमरोहा4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अमरोहा नगर के मोहल्ला बगला में भीख मांगने के बहाने घर में घुसी एक महिला ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़ित परिवार ने अमरोहा कोतवाली पुलिस को मामले की तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला बगला निवासी मोहम्मद तय्यब ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह अपने काम पर गए हुए थे। उनकी पत्नी भी किसी घरेलू काम से बाहर गई हुई थी। घर पर केवल उनके दो छोटे बच्चे मौजूद थे। पत्नी ने घर से निकलते समय मुख्य गेट अंदर से बंद कर दिया था और बच्चों को किसी के लिए भी दरवाजा न खोलने की हिदायत दी थी।

पीड़ित के अनुसार, इसी दौरान एक अज्ञात महिला भीख मांगने के लिए दरवाजे पर आई। उसने आवाज लगाई तो घर के अंदर मौजूद छह वर्षीय मासूम बच्ची ने दरवाजा खोल दिया। मौका पाकर महिला तुरंत मकान के अंदर दाखिल हो गई। उस समय कमरे में रखी अलमारी की तिजोरी खुली हुई थी।
महिला चोर ने तिजोरी में रखे सोने-चांदी के जेवरात समेटे और मौके से फरार हो गई। चोरी हुए जेवरों की कुल कीमत लगभग ढाई से तीन लाख रुपये बताई जा रही है।

कुछ देर बाद जब तय्यब की पत्नी घर लौटीं, तो बच्चों ने उन्हें पूरी घटना बताई। अलमारी से जेवर गायब देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर मोहम्मद तय्यब भी तुरंत घर पहुंचे। परिजनों ने मोहल्ले और आसपास के इलाकों में संदिग्ध महिला की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद पीड़ित ने अमरोहा कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
