फाजिलनगर नगर पंचायत के सफाईकर्मी की मौत:अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया


कुशीनगर के फाजिलनगर नगर पंचायत में संविदा पर कार्यरत एक सफाई कर्मचारी की बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। 48 वर्षीय धनेश बसफोर को सीने में तेज दर्द के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फाजिलनगर ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समउर बाजार निवासी धनेश बसफोर पुत्र गोपी बुधवार दोपहर करीब दो बजे कार्य समाप्त करने के बाद अपने साथी कर्मचारियों के साथ बैठे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। उनकी बिगड़ती हालत देखकर साथी कर्मचारी उन्हें तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। निजी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद धनेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर रेफर कर दिया। साथी कर्मचारी उन्हें तुरंत सीएचसी फाजिलनगर लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। धनेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। मृतक की तीन विवाहित बेटियां और एक बेटा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चिकित्सकों के अनुसार, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा, हालांकि प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात की आशंका जताई जा रही है। नगर में इस बात की भी चर्चा है कि नगर पंचायत फाजिलनगर ने हाल ही में कुछ सफाईकर्मियों की छंटनी की थी और मृतक का नाम भी उस सूची में शामिल था, जिसके कारण उन्हें हृदयाघात हुआ। हालांकि, नगर पंचायत के अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया है। चर्चा और घटना की वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा। पटहेरवा थाना के एसओ धीरेन्द्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घटना की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *