चंदौली में पसमांदा मोर्चा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन:स्वास्थ्य-खेल सुविधाओं में सुधार की मांग, किसान-महिलाओं के मुद्दे भी उठाए


चंदौली जिले के राष्ट्रीय संयुक्त पसमांदा मोर्चा के सदस्यों ने महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष सलमा किन्नर के नेतृत्व में बुधवार को कलेक्ट्रेट में डीएम चंद्रमोहन गर्ग से मुलाकात की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा खिलाड़ियों के भविष्य को देखते हुए खेल संबंधी आधारभूत सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया। सलमा किन्नर ने बताया कि चंदौली जनपद की जनसंख्या निरंतर बढ़ रही है, किंतु इसके अनुरूप स्वास्थ्य एवं खेल संबंधी आधारभूत सुविधाओं का समुचित विकास नहीं हो पाया है। आज भी जनपद के अनेक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। कई सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों, पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, आवश्यक दवाओं, एम्बुलेंस सेवाओं तथा आपातकालीन उपचार की पर्याप्त व्यवस्था का अभाव देखने को मिलता है। गंभीर रोगियों को उपचार हेतु वाराणसी अथवा अन्य जनपदों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गरीब, मजदूर, किसान, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में अत्यधिक परेशानी उठानी पड़ती है। समय पर उपचार न मिलने से कई बार गंभीर परिस्थितियां उत्पन्न हो जाती हैं। मोर्चा ने यह भी कहा कि युवाओं एवं खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आधुनिक खेल स्टेडियम का अभाव है। खेल प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण, अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आवश्यक खेल अवसंरचना उपलब्ध नहीं है। परिणामस्वरूप अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों के अभाव में अपनी प्रतिभा का पूर्ण विकास नहीं कर पाते तथा उन्हें अन्य जनपदों में जाकर अभ्यास करना पड़ता है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के खिलाड़ी विशेष रूप से प्रभावित होते हैं। संगठन ने मांग की कि यदि जनपद में एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल मैदान, क्रिकेट मैदान, हॉकी मैदान, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कुश्ती, जिम्नेजियम, इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रनिंग ट्रैक, खिलाड़ियों के छात्रावास, आधुनिक जिम, प्रशिक्षकों की व्यवस्था तथा आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, तो युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा। इस दौरान मो. सुलेमान, मो. साजिद, नंदन कुमार और सुजीत कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *