सजेती में जमीन के विवाद में तमंचे से फायरिंग:दोनों पक्षों के बीच हुए पथराव में वृद्ध घायल; आरोपी दंपति गिरफ्तार, तमंचा बरामद


कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटरा मकरंदपुर गांव में सोमवार शाम जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। निर्माणाधीन मकान को लेकर हुए विवाद में पहले पथराव कर एक वृद्ध को घायल किया गया, फिर कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपति को तमंचे सहित हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विक्रम निषाद अपने पिता गजराज निषाद के साथ मकान निर्माण कार्य स्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के ही जीत कुमार और उसकी पत्नी रामगीता वहां पहुंचे और कथित रूप से बेवजह गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि जीत कुमार और रामगीता ने आक्रामक रुख अपनाते हुए विक्रम और उसके पिता पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में वृद्ध गजराज निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने किसी तरह उन्हें संभाला, लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। विक्रम निषाद का आरोप है कि इसके बाद जीत कुमार ने तमंचा निकाल लिया और गजराज निषाद को निशाना बनाकर फायर कर दिया। गोली उन्हें नहीं लगी, लेकिन घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।आरोप है, कि इसके बाद विक्रम पर भी फायर किया गया, हालांकि गोली उसके सिर के ऊपर से निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना मिलते ही सजेती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से आरोपी जीत कुमार और उसकी पत्नी रामगीता को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से तमंचा भी बरामद किया गया है। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद होने की बात सामने आई है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तमंचा कब्जे में लेकर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *