![]()
रामगढ़ताल में हुई घटना के बाद यहां सुरक्षा को लेकर गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। यहां सुरक्षा और सफाई की निगरानी के लिए 3 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। बोटिंग के दौरान स्टंटबाजी तथा सुरक्षा नियमों की अनदेखी की घटनाओं के चलते यह कदम उठाया गया है।
इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने रामगढ़ताल क्षेत्र में निगरानी के लिए विशेष टीम गठित की है। GDA के सहायक अभियंता राज बहादुर को टीम का प्रभारी बनाया गया है। उनके नेतृत्व में टीम ताल क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करेगी और बोटिंग संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की निगरानी करेगी। रामगढ़ताल में वर्षों से बोटिंग गतिविधियां संचालित हो रही हैं, लेकिन ताल के भीतर आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के सवाल लगातार उठते रहे हैं। पूर्व में भी ताल में नाव पलटने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में मध्य प्रदेश में एक तालाब में क्रूज डूबने की घटना के बाद जल पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधन को लेकर बहस तेज हुई, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा सके। अब जीडीए ने जेटी और बोटिंग प्वाइंट्स पर विशेष निगरानी की योजना बनाई है। टीम यह सुनिश्चित करेगी कि नावों पर निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाया जाए, सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों और संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी या लापरवाही न हो। इसके साथ ही ताल क्षेत्र में जल पुलिस की तैनाती अथवा त्वरित बचाव व्यवस्था विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके। GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल का कहना है कि रामगढ़ताल को सुरक्षित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से मजबूत किया जाएगा
Source link
रामगढ़ताल में सुरक्षा पर GDA की रहेगी नजर:निगरानी के लिए टीम गठित; बोटिंग संचालन पर रहेगा ध्यान