आश्वासन के बाद भी सड़क निर्माण नहीं:आवास कॉलोनी की सड़कें जर्जर, निवासियों में आक्रोश


महाराजगंज नगर क्षेत्र के गांधीनगर वार्ड स्थित पिपरदेउरा की पोखरा आवास कॉलोनी में सड़कों की बदहाली एक गंभीर समस्या बन गई है। संबंधित विभाग से कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश है। कॉलोनी की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित होता है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब जलभराव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। यह कॉलोनी मान्यवर श्री कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के तहत वर्ष 2008 से 2011 के बीच विकसित की गई थी। निवासियों का कहना है कि उन्होंने सड़कों की खराब स्थिति को लेकर कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों से शिकायत की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पीडब्ल्यूडी अधिकारी राजकुमार मिश्रा ने लगभग 20 बार सड़क मरम्मत का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्य शुरू नहीं हुआ। खराब सड़कों के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कॉलोनी निवासी सुभाष, मनजीत, संदीप और कैलाशी देवी ने बताया कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय उदासीनता को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। आवास कॉलोनी के निवासियों ने प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *