![]()
बदायूं में सड़क हादसे में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। ये सभी पुलिसकर्मी गंगास्नान ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी एक स्ट्रीट डॉग को बचाने की कोशिश में उनकी बाइकें आपस में टकरा गईं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। यह हादसा अलापुर थाना क्षेत्र के ककराला कस्बे के पास एक पेट्रोल पंप के सामने हुआ। पुलिसकर्मियों की तीन बाइकें एक साथ चल रही थीं। अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में पहली बाइक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद पीछे चल रही दोनों अन्य बाइकें भी संतुलन खोकर फिसल गईं। घायल पुलिसकर्मियों में सिपाही सावन दांगी, रोशन कुमार, अंकुर और महिला सिपाही आरती व हिमांशी चौधरी शामिल हैं। ये सभी बिनावर थाने में तैनात हैं और उसहैत थाना क्षेत्र के अटैना गंगा घाट पर लगी ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि प्राथमिक जांच के बाद सभी की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। घायल पुलिसकर्मियों ने बताया कि उन्होंने हेलमेट पहन रखे थे, जिसके कारण उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं। उनका कहना था कि यदि हेलमेट नहीं होते तो चोटें और भी गंभीर हो सकती थीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
Source link
बदायूं में सड़क हादसे में 5 पुलिसकर्मी घायल:गंगास्नान ड्यूटी पर जा रहे थे, डॉग को बचाने में बाइकें टकराईं