![]()
पार्टापुर इंडस्ट्रियल एस्टेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (पीएमा) के अध्यक्ष निपुण जैन ने उद्योग जगत के वरिष्ठ सदस्य और पीएमा के संरक्षक डॉ. रामकुमार गुप्ता के आवास पर उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री एवं समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों को फ्रीहोल्ड किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। निपुण जैन ने मंत्री को बताया कि डीआईसी और यूपीसीडा के अंतर्गत आने वाले औद्योगिक क्षेत्रों में हजारों उद्योग संचालित हैं, लेकिन लीजहोल्ड व्यवस्था के कारण उद्योगों को कई व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उद्योगों के हस्तांतरण, बैंक से ऋण लेने, विस्तार और आधुनिकीकरण करने, नई तकनीक में निवेश करने तथा अगली पीढ़ी को कारोबार सौंपने जैसी प्रक्रियाएं कठिन हो जाती हैं। पीएमा के संरक्षक एवं वरिष्ठ उद्योगपति डॉ. रामकुमार गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के कई औद्योगिक क्षेत्रों में उद्योगों की तीसरी पीढ़ी काम कर रही है, लेकिन इकाइयां अब भी लीज डीड पर आधारित हैं। इससे उद्योगपतियों में असुरक्षा की भावना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि स्वामित्व संबंधी स्पष्टता नहीं होने के कारण कई उद्योगपति दीर्घकालिक निवेश और बड़े विस्तार की योजनाएं बनाने से बचते हैं। फ्रीहोल्ड नीति लागू होने पर उद्योगों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा और प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। उद्योगपति राहुल गुप्ता ने कहा कि यह मांग लंबे समय से उद्योग जगत की प्रमुख मांग रही है, लेकिन अधिकारियों की ओर से इसे शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने सरकार से इस न्यायसंगत मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। बैठक में मौजूद मेरठ शहर के विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि औद्योगिक संगठनों ने उन्हें इस विषय की विस्तृत जानकारी दी है। वे भी लगातार इस मांग के समर्थन में प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से विचार करेगी। प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि उन्हें इस विषय की जानकारी है और गाजियाबाद समेत अन्य औद्योगिक क्षेत्रों से भी इस संबंध में ज्ञापन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखेंगे और औद्योगिक क्षेत्रों को फ्रीहोल्ड किए जाने की सिफारिश करेंगे। इससे उद्योगों के विकास और नए निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। बैठक में उद्योग जगत की ओर से राहुल गुप्ता, उदित जैन सहित कई उद्योगपति और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Source link
प्रभारी मंत्री असीम अरुण से मिले उद्योगपति:औद्योगिक क्षेत्रों को फ्रीहोल्ड करने की मांग उठी,मंत्री बोले CM के सामने रखेंगे मामला