कानपुर में गंगा में 3 घंटे उतराता रहा शव:उलझी रही दो जिलों की पुलिस, सीमा विवाद के बीच नाविकों की मदद से निकाला गया


कानपुर-उन्नाव सीमा पर रविवार सुबह गंगा नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का नग्न शव उतराता मिला। सूचना मिलने पर जाजमऊ पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र की सीमा में होने की बात सामने आने पर दोनों जिलों की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि करीब तीन घंटे तक शव नदी में बहता रहा और जिम्मेदारी तय करने में ही समय निकल गया। स्थानीय लोगों सफीउल्लाह, नाजिर और अमित के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे गंगा के बीचों-बीच शव दिखाई दिया था। सूचना पर पहुंची जाजमऊ पुलिस ने गंगाघाट पुलिस को जानकारी दी, लेकिन काफी देर तक उन्नाव पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते रहे। नाविकों की मदद से बाहर निकाला शव गंगाघाट पुलिस के नहीं पहुंचने पर जाजमऊ पुलिस ने खुद कार्रवाई का जिम्मा संभाला। नाविकों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान किया जा रहा है। क्षत-विक्षत हालत में मिला शव प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव नग्न अवस्था में था और बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था। उसकी स्थिति इतनी खराब थी कि उम्र का सही अनुमान लगाना भी मुश्किल था। स्थानीय लोगों का मानना है कि शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है। शव पर पहचान से जुड़ा कोई स्पष्ट निशान भी नहीं मिला। जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *