![]()
शाहजहांपुर में फर्रुखाबाद-जलालाबाद हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। जलालाबाद थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित कार खराब खड़े डीसीएम से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पेट्रोल पंप के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पहले अनियंत्रित होकर पलटी और फिर डीसीएम में जा घुसी। टक्कर के प्रभाव से कार चालक अपनी सीट से हिल भी नहीं पाया और उसकी तुरंत मृत्यु हो गई। मृतक चालक की पहचान जलालाबाद थाना क्षेत्र के गुनारा गांव निवासी 22 वर्षीय अशोक के रूप में हुई है। घायलों में जलालाबाद के करदोला गांव निवासी रवि और अरुण, कुंडरी निवासी सत्यम और गुनारा निवासी आकाश शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने सभी मृतकों और घायलों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचित कर दिया है। कार सवार सभी युवक दोस्त हैं और वे कहां से कहां जा रहे थे ये अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बलेनो कार घायल आकाश की विवाहित बहन की है। अशोक की पत्नी खुशबू ने बताया कि आकाश उनके घर आया और अशोक को जबरदस्ती अपने साथ चलने के लिए कह रहा था। उस समय अशोक नहाने जा रहे थे। आकाश ने उन्हें जलालाबाद घूमने चलने के लिए कहा था, जिस पर अशोक ने मना किया, लेकिन आकाश उन्हें जबरन अपने साथ ले गये। चश्मदीदों के अनुसार, दुर्घटनास्थल पर एक डीसीएम वाहन काफी समय से पेट्रोल पंप के पास खड़ा था। डीसीएम रोड किनारे खाली मैदान में खड़ी थी जो रोड से काफी दूर थी। जब कार अनियंत्रित हुई, तो वह पहले एक बार पलटी और फिर सीधे डीसीएम से जा टकराई। टक्कर के समय कार की गति संभवतः 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी। सीओ जलालाबाद ज्योति यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक कार अनियंत्रित होकर डीसीएम से टकरा गई। इस हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Source link
शाहजहांपुर में अनियंत्रित कार डीसीएम में घुसी, ड्राइवर की मौत:जलालाबाद हाईवे पर हादसे में 4 घायल, दोस्त जबरन साथ ले गया था