ललितपुर में आंधी-बारिश से बदला मौसम:कई इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित


ललितपुर में शनिवार देर शाम तेज आंधी और झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में जलभराव और बिजली आपूर्ति बाधित होने से परेशानी भी झेलनी पड़ी। तालबेहट क्षेत्र में तेज हवाओं के चलते एक पेड़ विद्युत तारों पर गिर गया। इससे बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं और कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बिजली विभाग की टीमें आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं। शहरी क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 7:30 बजे तेज आंधी के साथ लगभग 15 मिनट तक बारिश हुई। वहीं तालबेहट और आसपास के क्षेत्रों में करीब 40 मिनट तक मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। बारिश के दौरान तेज हवाओं के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। बारिश के चलते नगर सहित आसपास के कई गांवों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। हालांकि, बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रविवार सुबह से भी ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह 9 बजे तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दिनों की तुलना में तापमान में कमी आने से लोगों ने राहत महसूस की। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोग खुले वातावरण का आनंद लेते नजर आए। बारिश से किसानों को भी कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि जलभराव वाले क्षेत्रों में फसलों को नुकसान की आशंका को लेकर किसान स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *