![]()
कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव में एक युवक ने अपने चाचा की कैंची से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि शव के पास ही बैठा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना शनिवार देर रात मलिकपुर गांव में हुई। पुलिस को डायल-112 के माध्यम से 65 वर्षीय प्रताप सिंह पवार की हत्या की सूचना मिली। बताया गया कि उनके भतीजे सूरज सिंह पवार ने कैंची से गर्दन पर वार कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो प्रताप सिंह का शव घर के भीतर जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक प्रताप सिंह और आरोपी सूरज सिंह चाचा-भतीजे हैं और एक ही घर में रहते थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी। किसी बात पर हुए विवाद के बाद सूरज सिंह ने कैंची से हमला कर दिया, जिससे प्रताप सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी भतीजा मौके से भागा नहीं, बल्कि अपने चाचा के शव के पास ही बैठा रहा। पुलिस ने उसे घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया। इसके बाद फील्ड यूनिट और अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।
Source link
चाचा की हत्या कर शव के पास बैठा रहा भतीजा:कानपुर देहात में सनसनीखेज हत्याकांड, कैंची से चाचा की हत्या