₹2.66 Bn Assets Seized From Criminals Since 2017

शशि कांत तिवारी | गाजीपुर8 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

गाजीपुर पुलिस ने 2017 से अब तक अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए गए अभियानों का ब्यौरा जारी करते हुए दावा किया है कि इस अवधि में 2 अरब 66 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, लगातार की गई कार्रवाई के चलते हत्या, लूट, चोरी और महिला संबंधी गंभीर अपराधों में कमी दर्ज की गई है।

पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, एनडीपीएस एक्ट के तहत 626 मुकदमे दर्ज किए गए और 779 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 3114 किलोग्राम गांजा और 33.834 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 75 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

आबकारी अधिनियम के तहत 3973 मामलों में 4712 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 1.68 लाख लीटर से अधिक अवैध शराब भी बरामद की। वहीं शस्त्र अधिनियम के तहत 1875 मुकदमे दर्ज कर 2140 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 2089 अवैध हथियार और 2791 कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर एक्ट के तहत 335 मुकदमों में 1341 अपराधियों को जेल भेजा गया। इसके अलावा 151 मामलों में कार्रवाई करते हुए 266 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई।

अपराधियों के खिलाफ अभियान के दौरान पुलिस की 112 मुठभेड़ हुईं, जिनमें तीन अपराधी मारे गए, जबकि 136 घायल हुए। इसी अवधि में 1768 मुकदमों में 2673 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई। इनमें 232 को आजीवन कारावास और दो दोषियों को मृत्युदंड की सजा सुनाई गई।

गोवध अधिनियम के तहत 600 मुकदमे दर्ज कर 1729 गौ-तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 3606 गोवंश को मुक्त कराया और 454 वाहनों को जब्त किया।

पुलिस संसाधनों का भी हुआ विस्तार

पुलिस विभाग ने बताया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए रामपुर मांझा थाना, सैदपुर अग्निशमन केंद्र और साइबर थाना समेत कई भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इस दौरान जिले को 2496 नए पुलिसकर्मी भी मिले हैं।

पुलिस लाइन में कर्मियों के लिए क्रेच, बैडमिंटन कोर्ट, क्रिकेट ग्राउंड और पुलिस कैफे जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा पुलिसकर्मियों के लिए नियमित स्वास्थ्य शिविर और योग कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *