टहलने निकले बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या:प्रयागराज में एक्सीडेंट की सूचना मिली, पुलिस पहुंची तो सीने में गोली लगी मिली


प्रयागराज के कर्नलगंज स्थित लल्ला चुंगी चौराहे पर शनिवार सुबह एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती सूचना सड़क हादसे की थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि उनके सीने में गोली लगी थी।फिलहाल न वजह सामने आई है और न यह पता चला है कि हमलावर कौन थे।
डायल 112 पर आई थी दुर्घटना की सूचना
शनिवार सुबह करीब सात बजे डायल 112 को सूचना मिली कि लल्ला चुंगी चौराहे पर एक वृद्ध व्यक्ति दुर्घटना में घायल होकर पड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हालत में पड़े बुजुर्ग को अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में सामने आई गोली लगने की बात
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। इसी दौरान पता चला कि उनके सीने में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस ने कपड़ों की तलाशी ली तो उनके पास मिले आधार से पहचान हुई।
राम दुलारे कोरी के रूप में हुई पहचान
मृतक की पहचान शिवकुटी थाना क्षेत्र के लाल की सराय निवासी राम दुलारे कोरी (70) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दे दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह सुबह लल्ला चुंगी चौराहे पर कैसे पहुंचे थे। प्रारंभिक रूप से यह बात सामने आई कि वह सुबह टहलने के लिए जाया करते थे।
एसीपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी कर्नलगंज विमल किशोर मिश्रा भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि परिजनों से संपर्क किया गया है। अभी तक ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है जिससे वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है।
हर पहलू पर जांच जारी
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप
शहर के व्यस्त चौराहों में शामिल लल्ला चुंगी पर सुबह-सुबह हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। यहां बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्रों का भी आना जाना लगा रहता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *