Lakhimpur Kheri Exam Centers | 6257 Candidates Appear for GIC Professor Recruitment

गोपाल गिरि | लखीमपुर-खीरी2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

लखीमपुर खीरी जिले में 14 जून को प्रवक्ता (महिला/पुरुष) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन ने इस परीक्षा को सकुशल और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा जिले के 15 केंद्रों पर एक पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगी, जिसमें कुल 6257 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे। अधिकारियों को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा गया। डीएम ने चेतावनी दी कि परीक्षा संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। जिलाधिकारी ने केंद्रों के प्रवेश द्वार पर सघन जांच अभियान चलाने तथा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित सभी प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर आयोग के समन्वयी पर्यवेक्षक ने परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं और प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की। बैठक में अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *