इटावा सिविल लाइंस थाने में निकला घोड़ा पछाड़ सांप:हैड मुहर्रिर ने सुरक्षित रेस्क्यू कर वन विभाग को सौंपा


इटावा शहर के सिविल लाइंस थाना परिसर में शुक्रवार दोपहर 12 बजे उस समय अचानक हलचल और अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब थाने के भीतर एक करीब 6 से 7 फीट लंबा सांप दिखाई दिया। सांप को देखकर पुलिसकर्मियों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई, क्योंकि वह थाना प्रभारी निरीक्षक के.के. मिश्रा के आवास के दरवाजे की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा था।और अंदर जाने का प्रयास कर रहा था। स्थिति को देखते हुए थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच चिंता बढ़ गई, लेकिन इसी दौरान हेड मुहर्रिर हरवीर सिंह ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने बिना घबराए थाने में उपलब्ध स्नेक कैचर स्टिक की मदद से सांप को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित कर लिया। पूरे घटनाक्रम के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि न तो किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचे और न ही सांप को कोई क्षति हो। घटना की जानकारी मिलने पर वन्यजीव विशेषज्ञ एवं सर्पमित्र डॉ. आशीष त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि पकड़ा गया सांप घोड़ा पछाड़ प्रजाति का है, जिसका वैज्ञानिक नाम Ptyas mucosa है। यह विषहीन प्रजाति का सांप होता है और आमतौर पर खेतों तथा मानव बस्तियों के आसपास पाया जाता है। इसे किसान मित्र सांप भी कहा जाता है क्योंकि यह खेतों में चूहों जैसे जीवों की संख्या नियंत्रित करने में मदद करता है। डॉ. आशीष त्रिपाठी ने सांप को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर वन विभाग के दिशा-निर्देशन में उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि जिले में वन विभाग की टीम और डायल 112 को वन्यजीवों और सांपों से संबंधित सूचनाएं लगातार मिलती रहती हैं और इन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पुलिसकर्मियों को ऐसे मामलों में बुनियादी प्रशिक्षण मिलता रहे तो रेस्क्यू कार्य और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *