चित्रकूट नहीं अलीगढ़ में प्रेस वार्ता करेंगे आशुतोष ब्रह्मचारी:जगद्गुरु रामभद्राचार्य के उत्तराधिकारी पर लगाया था आरोप, हिंदू संगठनों ने किया था विरोध का ऐलान


जगद्गुरु रामभद्राचार्य तुलसीपीठ के उत्तराधिकारी रामचंद्र दास पर आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने अपनी प्रस्तावित प्रेस वार्ता का स्थान बदल दिया है। उन्होंने पहले चित्रकूट में शुक्रवार को पत्रकार वार्ता करने की घोषणा की थी, लेकिन अब सोशल मीडिया के माध्यम से बताया है कि चित्रकूट की प्रेस वार्ता स्थगित कर दी गई है। ब्रह्मचारी अब अलीगढ़ में मीडिया से बात करेंगे। आशुतोष ब्रह्मचारी के इस निर्णय के बाद जिले में दिनभर चर्चाएं होती रहीं। उनके चित्रकूट आगमन की सूचना पर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई थी। इस बीच, सोशल मीडिया पर आशुतोष ब्रह्मचारी के खिलाफ विरोध लगातार बढ़ता गया। कई हिंदू संगठनों और संत समर्थकों ने उनके आरोपों का खंडन करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि वह चित्रकूट आते हैं तो उनका विरोध किया जाएगा। कुछ संगठनों ने उन्हें चित्रकूट की सीमा में प्रवेश न करने देने की बात भी कही थी। बढ़ते विरोध और संभावित तनाव को देखते हुए आशुतोष ब्रह्मचारी ने अपने कार्यक्रम में बदलाव किया। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए चित्रकूट की प्रेस वार्ता स्थगित करने की जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने इस बदलाव का कोई स्पष्ट कारण सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन अब उन्होंने अलीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करने की बात कही है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। आशुतोष ब्रह्मचारी के चित्रकूट नहीं आने की घोषणा के बावजूद पुलिस अलर्ट पर है और सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है। यह पूरा घटनाक्रम अब राजनीतिक और धार्मिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। सभी की निगाहें अब अलीगढ़ में होने वाली प्रस्तावित पत्रकार वार्ता पर टिकी हैं, जिसमें आशुतोष ब्रह्मचारी के संभावित नए खुलासे या बयानों का इंतजार है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *