![]()
शादी से पहले ‘परफेक्ट लुक’ पाने की चाहत ने मध्य प्रदेश में खतरनाक ब्यूटी और फिटनेस कारोबार को बढ़ावा दिया है। वजन घटाने वाले इंजेक्शन, स्टेरॉयड, ब्रेस्ट एनलार्जमेंट और वर्जिनिटी से जुड़े प्रोसीजर खुलेआम बेचे जा रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक इनके कारण हार्ट अटैक, किडनी-लिवर डैमेज, हार्मोनल असंतुलन, गंभीर संक्रमण और मौत तक का खतरा रहता है। इस नेटवर्क की पड़ताल के लिए दैनिक भास्कर की अंडरकवर टीम ने स्टिंग ऑपरेशन किया। रिपोर्टर ने खुद को शादी से पहले बॉडी बनाने का इच्छुक युवक और महिला साथी ने खुद को वजन घटाने की इच्छुक युवती बताकर कई क्लीनिक और जिम में बातचीत की। इस दौरान एक जिम में ट्रेनर खुलेआम वजन घटाने वाला इंजेक्शन लगाते हुए भास्कर के कैमरे में कैद हुआ। अंडरकवर पड़ताल: चार स्टिंग ऑपरेशन दो महीने में 10 किलो वजन कम करने का दावा
टीम भोपाल के एक एस्थेटिक ब्यूटी क्लीनिक पहुंची। वहां संचालक साहिबा बावा ने खुद को कॉस्मेटोलॉजिस्ट, ट्राइकोलॉजिस्ट और BAMS डिग्रीधारी बताया। रिपोर्टर ने महिला साथी को अपनी बहन बताते हुए कहा कि उसकी दो महीने बाद शादी है और वह तेजी से वजन कम करना चाहती है। बातचीत के दौरान साहिबा बावा ने 74 किलो वजन वाली युवती का वजन दो महीने में 64 किलो तक लाने का दावा किया। उन्होंने ‘ओजेम्पिक’ इंजेक्शन का 12 डोज का कोर्स सुझाया। इंजेक्शन सप्ताह में एक बार या 15 दिन के अंतराल पर लगाने की बात कही। पूरा पैकेज करीब ₹2 लाख में तय हुआ और रिपोर्टर को प्रिस्क्रिप्शन दिया गया। 1 लाख में ब्रेस्ट एनलार्जमेंट की गारंटी
टीम की मुलाकात BDS डेंटल सर्जन डॉ. बी.पी. सिंह से हुई। रिपोर्टर ने कहा कि जिस लड़की से उसकी शादी होने वाली है वह दुबली-पतली है और शादी से पहले ब्रेस्ट एनलार्जमेंट चाहती है। इस पर डॉक्टर ने करीब ₹1.10 लाख का खर्च बताया। हाइमनोप्लास्टी के बारे में पूछने पर ₹2.5 लाख का पैकेज ऑफर किया गया। डॉक्टर ने दोनों प्रक्रियाओं और उनकी लागत प्रिस्क्रिप्शन पैड पर लिखकर दी। 8 हफ्ते, 40 हजार में वजन घटाने का दावा
ऑरा एस्थेटिक क्लीनिक में नीतू थापा ने रिपोर्टर को तेजी से वजन घटाने के लिए ‘मोंजारो’ इंजेक्शन की सलाह दी। साइड इफेक्ट्स पर सवाल पूछने पर उन्होंने इसे सुरक्षित बताया और पहले के मरीजों की ‘बिफोर-आफ्टर’ तस्वीरें दिखाईं। उन्होंने बताया कि इंजेक्शन का 8 सप्ताह का कोर्स होगा, जिसकी लागत प्रति सप्ताह 5,000 रुपए रहेगी। खुद को फिजियोथेरेपिस्ट बताने वाली नीतू थापा ने रिपोर्टर से 1,500 रुपए लेकर PRP (प्लेटलेट रिच प्लाज्मा) थेरेपी भी की। इसमें बॉडी से खून निकालकर सिर के हिस्से में इंजेक्ट किया जाता है। मस्कुलर बॉडी बनाने की इच्छा जताने पर उन्होंने कुछ जिम ट्रेनर्स के इंजेक्शन उपलब्ध कराने की बात कही। बाद में इंजेक्शन कोर्स शुरू करने पर सहमति बनी। 18 हजार, तीन इंजेक्शन में सिक्स पैक
टीम अशोका गार्डन स्थित फर्स्ट फिटनेस जिम पहुंची, जहां रिपोर्टर ने खुद को जल्द शादी करने वाला कांट्रेक्टर बताया। रिपोर्टर की मुलाकात अमित गुर्जर से हुई। उसने तेजी से बॉडी बनाने के लिए तीन इंजेक्शन और एक दवा का कोर्स सुझाया। बातचीत के दौरान एक युवक ने अमित गुर्जर से AMP इंजेक्शन लेकर खुद को लगाया। अमित ने दावा किया कि वह कई लोगों को इंजेक्शन लगाने की ट्रेनिंग दे चुका है। इंजेक्शन उपलब्ध कराने और लगाने की जिम्मेदारी भी उसने खुद लेने की बात कही। अमित गुर्जर ने करीब 17-18 हजार रुपए मासिक खर्च वाला पैकेज बताया। उसके मुताबिक इंजेक्शन वजन घटाने, शरीर में ‘हार्डनेस’ लाने और ताकत बढ़ाने के लिए थे। साथ ही दिन में दो बार जिम आने की सलाह दी गई। मुलाकात के दौरान अमित ने एक अन्य युवक को भी इंजेक्शन लगाया। बातचीत में तेजी से बॉडी बनाने के दावे किए गए, लेकिन दवाओं के संभावित दुष्प्रभावों या मेडिकल जांच का कोई उल्लेख नहीं किया गया। एक केस से समझिए साइड इफेक्ट
इंदौर के MIG थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक ने दो जिम ट्रेनरों पर प्रतिबंधित इंजेक्शन देने का आरोप लगाया। युवक के अनुसार वजन और स्टेमिना बढ़ाने के नाम पर दिए गए इंजेक्शनों के बाद उसे गंभीर शारीरिक समस्याएं हुईं। पुलिस ने दोनों ट्रेनरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विशेषज्ञ और अधिकारियों की राय भोपाल CMHO मनीष शर्मा ने कहा कि ऐसे इंजेक्शन केवल योग्य डॉक्टर की निगरानी में लगाए जाने चाहिए। अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा इनके इस्तेमाल को गंभीर अपराध बताते हुए उन्होंने जांच और कार्रवाई की बात कही। रेलवे वेट लिफ्टिंग टीम के कोच जितेंद्र आसवानी ने कहा कि स्टेरॉयड अस्थायी ताकत बढ़ाते हैं, लेकिन लंबे समय में मसल्स लॉस और जोड़ों की गंभीर समस्याएं पैदा कर सकते हैं। एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ. सचिन चित्तावर ने कहा कि इन इंजेक्शनों के उपयोग से पहले मरीज की मेडिकल हिस्ट्री और जोखिमों का मूल्यांकन जरूरी होता है। उनके अनुसार केवल योग्य विशेषज्ञ ही इन्हें लिख या उपयोग कर सकते हैं। बिना निगरानी इस्तेमाल गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है।
Source link
एमपी में ब्यूटी-फिटनेस का 'खतरनाक' कारोबार:डेंटिस्ट कर रहा ब्रेस्ट इंप्लांट सर्जरी, जिम ट्रेनर लगा रहा दुबला होने का इंजेक्शन; 2 लाख तक वसूल रहे