![]()
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) से संबद्ध महाविद्यालयों की सम सेमेस्टर परीक्षाएं 11 अप्रैल 2026 से शुरू होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन परीक्षाओं का संभावित कार्यक्रम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। इस बार स्नातक और परास्नातक के अधिकांश पेपर बहुविकल्पीय होंगे, जबकि एलएलबी की परीक्षाएं लिखित प्रारूप में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार के अनुसार, नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत स्नातक स्तर के दूसरे, चौथे और छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं होंगी। इसके साथ ही, परास्नातक स्तर के दूसरे और चौथे सेमेस्टर के छात्र भी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। पहले से संचालित अन्य सम सेमेस्टर पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं भी इसी अवधि में संपन्न कराई जाएंगी। इन सभी पाठ्यक्रमों का संचालन समर्थ पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। एलएलबी पाठ्यक्रमों को छोड़कर, सभी स्नातक और परास्नातक परीक्षाएं बहुविकल्पीय आधारित होंगी। छात्रों को ओएमआर शीट पर सही उत्तर भरने होंगे। प्रत्येक पेपर के लिए 1 घंटा 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया है और परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित की जाएंगी। स्नातक की परीक्षाओं में माइनर विषयों के पेपर मेजर विषयों से अलग तारीखों पर कराए जाएंगे। एलएलबी (LLB) और बीए-एलएलबी (BA-LLB) के छात्रों के लिए परीक्षा का प्रारूप भिन्न होगा। इन पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं लिखित पद्धति से होंगी, जिसके लिए छात्रों को उत्तर विस्तार से लिखने होंगे। इन परीक्षाओं के लिए 3 घंटे का समय दिया जाएगा और ये दो पालियों में संपन्न कराई जाएंगी। 18 मार्च तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है, कि अभी जारी किया गया परीक्षा कार्यक्रम संभावित है। यदि किसी कॉलेज या छात्र को इस शेड्यूल को लेकर कोई परेशानी या आपत्ति है, तो वे 18 मार्च 2026 तक अपनी बात रख सकते हैं। इसके लिए विश्वविद्यालय की ईमेल आईडी coecsjmuniversity@gmail.com पर आपत्ति भेजनी होगी। तय समय सीमा के बाद भेजी गई किसी भी शिकायत या आपत्ति पर विश्वविद्यालय प्रशासन विचार नहीं करेगा। छात्र अधिक जानकारी के लिए यूनिवर्सिटी की वेबसाइट www.csjmu.ac.in चेक कर सकते हैं।
Source link
CSJMU में 11 अप्रैल से शुरू होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं:स्नातक-परास्नातक के छात्र देंगे ऑब्जेक्टिव पेपर, LLB का पेपर लिखित होगा