![]()
बलिया में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के संकल्प से मंगलवार से शिव महापुराण कथा का आयोजन शुरू हो रहा है। बाबा बालखंडी नाथ मंदिर परिसर में होने वाली इस कथा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा कथा का वाचन करेंगे। कथा आयोजन के लिए लगभग 50 एकड़ भूमि में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा के लिए 40×80 फीट का मंच तैयार किया गया है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए करीब एक लाख लोगों की क्षमता वाला विशाल पंडाल बनाया गया है। आयोजन समिति के अनुसार, कथा के दौरान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक विशेष पूजा-अर्चना होगी, जिसमें दर्जनों यजमान शामिल होंगे। कथा प्रारंभ होने से एक दिन पहले ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। बिहार, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, लखनऊ सहित विभिन्न जिलों और राज्यों से दस हजार से अधिक श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंच चुके हैं। इन श्रद्धालुओं के लिए भोजन, नाश्ता, पेयजल और ठहरने की व्यापक व्यवस्था की गई है। कथा शुरू होने के बाद प्रतिदिन एक से सवा लाख लोगों के लिए भोजन तैयार किया जाएगा। परिसर में लगभग 500 से 700 वर्ग फीट क्षेत्रफल में अस्थायी शौचालयों का निर्माण कराया गया है। पेयजल आपूर्ति के लिए प्रतिदिन 60 से अधिक पानी के टैंकर लगाए गए हैं। सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तथा एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी। प्रशासन ने आसपास के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। सोमवार देर शाम कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा का जिले में आगमन हुआ। माल्देपुर मोड़ पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के निर्देशन में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान उनकी पूरी टीम और आस्था चैनल से जुड़े लोग भी जिले में पहुंचे।
Source link
बलिया पहुंचे पं. प्रदीप मिश्रा,हुआ भव्य स्वागत:परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के संकल्प से विशाल पंडाल तैयार, लाखों श्रद्धालु जुटेंगे