![]()
अयोध्या जिले में बादलों की आवाजाही के बावजूद उमस भरी गर्मी लोगों पर भारी पड़ रही है। बढ़ती गर्मी और नमी का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है। कुमारगंज स्थित 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार इन दिनों पेट दर्द, उल्टी, दस्त, बुखार और लूज मोशन के मरीज सबसे ज्यादा पहुंच रहे हैं। सोमवार को ओपीडी में करीब 600 मरीजों ने इलाज कराया। कुछ दिन पहले हुई बारिश के बाद मरीजों की संख्या में कमी आई थी, लेकिन उमस बढ़ते ही अस्पताल में फिर भीड़ बढ़ने लगी है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गनेश लाल ने बताया कि बड़ी संख्या में बच्चे और किशोर उल्टी-दस्त व लूज मोशन की शिकायत लेकर अस्पताल आ रहे हैं। सभी मरीजों का उपचार किया जा रहा है। वहीं इमरजेंसी विभाग में भी मरीजों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। पैथोलॉजी विभाग के डॉ. प्रशांत वर्मा ने बताया कि अस्पताल में रोजाना 3 हजार से अधिक विभिन्न प्रकार की जांचें की जा रही हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रवि पांडे ने कहा कि सभी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को वार्ड में भर्ती किया जा रहा है, जबकि गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए अतिरिक्त वार्ड की भी व्यवस्था की गई है। हालांकि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा कई दिनों से बंद है, जिससे मरीजों, खासकर महिलाओं को परेशानी हो रही है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक मशीन में तकनीकी खराबी आ गई है। इसकी सूचना तकनीकी टीम को दे दी गई है और मशीन ठीक होते ही सेवा दोबारा शुरू कर दी जाएगी। 5 प्रमुख बातें उमस भरी गर्मी के बीच कुमारगंज अस्पताल की ओपीडी 600 मरीजों तक पहुंची। पेट दर्द, उल्टी, दस्त, बुखार और लूज मोशन के मरीज सबसे ज्यादा आ रहे। बच्चों और किशोरों में उल्टी-दस्त के मामले तेजी से बढ़े। अस्पताल में रोजाना 3 हजार से अधिक पैथोलॉजी जांचें की जा रही हैं। तकनीकी खराबी के कारण अल्ट्रासाउंड सेवा कई दिनों से बंद, मरीज परेशान।
Source link
उमस से बिगड़ रही सेहत, अस्पताल में बढ़े मरीज:अयोध्या के कुमारगंज अस्पताल की ओपीडी 600 पार, बच्चे सबसे ज्यादा बीमार