मजदूरी कर लौट रहे युवक पर टूटा बिजली का तार,मौत:एटा में आंधी से क्षतिग्रस्त हुई थी विद्युत लाइन, बिजली बहाल होते ही दौड़ा करंट


एटा के ग्राम भडैरा में रविवार शाम मजदूरी कर घर लौट रहे 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। अचानक बिजली का तार टूटकर युवक पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम भडैरा निवासी भूपसिंह (26 वर्ष) पुत्र चक्करपाल के रूप में हुई है। रविवार शाम करीब 6:30 बजे एटा शहर से मजदूरी कर घर लौटते समय गांव में ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन का एक तार अचानक टूटकर उन पर गिर गया। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण भूपसिंह गंभीर रूप से झुलस गए और सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें तत्काल वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, एटा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के चचेरे भाई अनुज कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले आई तेज आंधी के दौरान गांव में कई विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। पिछले दो दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति भी बाधित थी। रविवार को बिजली बहाल होने के बाद टूटे हुए तार में करंट दौड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *