खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी में हुआ झगड़ा:जूही में महिला ने फंदा लगाकर दी जान; दो मासूम बेटे रो-रोकर बेहाल


कानपुर के जूही सफेद कॉलोनी में घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय घर में मौजूद परिजनों ने महिला को फंदे पर लटका देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जूही सफेद कॉलोनी निवासी नितिन कुमार गौतम की 30 वर्षीय पत्नी सेनू ने रविवार दोपहर घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार में उनके दो बेटे अविराज और अवितेश हैं। दोनों रो-रोकर बेहाल हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पति नितिन कुमार ने बताया कि वह बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। हाल ही में पूरा परिवार वैष्णो देवी दर्शन कर 30 मई को वापस लौटा था। रविवार सुबह पत्नी के देर से उठने पर उन्होंने बच्चों के लिए समय से भोजन तैयार करने की बात कही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद वह नीचे चले गए थे। कमरे में पहुंचा तो फंदे से लटका मिला शव नितिन के अनुसार कुछ देर बाद जब वह कमरे में पहुंचे तो पत्नी का शव फंदे से लटका मिला। यह देखकर उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद 112 नंबर पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बोली- जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई किदवई नगर थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार गहरे सदमे में है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *