संभल मस्जिद में 'आई लव मोहम्मद' पोस्टर, हरा झंडा मिला:मुतव्वली समेत आठ लोगों पर FIR, SI की शिकायत पर हुई कार्रवाई


संभल के नखासा थाना क्षेत्र में स्थित मस्जिद मुस्तफा कादरी से ‘आई लव मोहम्मद’ लिखे पोस्टर और पाकिस्तान जैसे हरे झंडे मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। मस्जिद के मुतव्वली समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उपनिरीक्षक अरुण कुमार की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में बताया गया है कि मस्जिद की सबसे ऊपरी मंजिल के मुख्य हॉल में रखे तख्त के गद्दे के नीचे से A4 साइज के 49 पोस्टर बरामद हुए, जिन पर ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा था। इसके अलावा, एक हरे रंग का झंडा भी मिला, जिस पर अर्धचंद्र और सितारा बना हुआ था, जो देखने में पाकिस्तानी झंडे जैसा प्रतीत हो रहा था।
पुलिस ने मुतव्वली जाकिर पुत्र अकबर, जाकिर हुसैन पुत्र अफसर, तसलीम पुत्र अब्दुल मजीद, भूरे अली पुत्र शब्बीर, शरफुद्दीन पुत्र मजीजुद्दीन, दिल शरीफ पुत्र शरीफ अहमद और मोहब्बत अली पुत्र डिलवर निवासी कसेरुआ के विरुद्ध BNS 353 (2) के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लिया गया।
रविवार को एएसपी (उत्तरी) कुलदीप सिंह ने बताया कि नखासा थाना क्षेत्र के कसेरुआ गांव में मस्जिद के ध्वस्तीकरण के दौरान यह आपत्तिजनक सामग्री मिली थी। उन्होंने पुष्टि की कि स्थानीय पुलिस द्वारा आठ व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि इन वस्तुओं की बरामदगी से हिंदू समुदाय के लोगों में रोष व्याप्त है और यह कृत्य समाज में वैमनस्यता फैलाने का कार्य कर सकता है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने भी मस्जिद का निरीक्षण किया था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *