![]()
सुल्तानपुर के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दलित महिला ने गांव के युवक पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि शिकायत करने पर आरोपी पक्ष ने उसके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें चार लोग घायल हो गए। मामले की जांच सीओ कादीपुर को सौंपी गई है।
मामला कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 4 जून की रात करीब 11 बजे पीड़िता अपने कमरे में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान अतुल मिश्रा पुत्र ब्रह्मदेव मिश्रा घर में घुस आया और चादर हटाकर उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि पकड़े जाने पर युवक ने महिला को धक्का देकर गिरा दिया, जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद जब परिवार आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचा, तो वहां मौजूद शुभम मिश्रा, सानू मिश्रा, विपिन मिश्रा, गुड्डू मिश्रा समेत अन्य लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी पीड़ित परिवार के घर भी पहुंच गए और मारपीट कर चार लोगों को घायल कर दिया। जाते समय एक युवक का मोबाइल फोन भी छीन ले गए। घटना की सूचना डायल-112 और एम्बुलेंस सेवा को दी गई। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कादीपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। चूंकि प्रकरण अनुसूचित जाति की महिला से जुड़ा है, इसलिए इसकी जांच क्षेत्राधिकारी कादीपुर को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
महिला से छेड़छाड़, शिकायत करने पर परिवार पर हमला:सुल्तानपुर में लाठी-डंडों से मारा, 4 लोग घायल; FIR दर्ज