![]()
बरेली पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित एक दर्जन गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक अवैध .315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस अब अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क की जांच कर रही है। बारादरी थाना पुलिस को 5 जून को गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है। इस सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने पीलीभीत बाईपास रोड स्थित 99 बीघा मैदान के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खतीब उर्फ खतीफ के रूप में हुई है, जो फाईक एन्कलेव कॉलोनी, थाना बारादरी का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, खतीब के खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट, एससी/एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित करीब एक दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं और वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ में आरोपी खतीब ने बताया कि उसने यह तमंचा अपनी सुरक्षा के लिए रखा था और इसे बदायूं क्षेत्र से लाया था। हालांकि, वह हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के बारे में साफ जानकारी नहीं दे सका। पुलिस अब इस अवैध हथियार आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने में जुट गई है। बारादरी थाने में आरोपी खतीब के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
Source link
बरेली में 12 मुकदमों वाला बदमाश गिरफ्तार:हत्या के प्रयास के आरोपी से तमंचा बरामद, हथियार नेटवर्क की जांच