सत्यम पांडे | भदोही (संत रविदास नगर)3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर साइबर क्राइम थाने ने रीड वेल लाइब्रेरी ज्ञानपुर में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। यह कार्यक्रम प्रत्येक माह के पहले बुधवार को चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान का हिस्सा था।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपदीय पुलिस द्वारा स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर चौपाल लगाकर आम जनता को साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।

इस कड़ी में, साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार गुप्ता, कन्हैया कुमार, मान सिंह और प्रभात चंद्र त्रिपाठी ने रीड वेल लाइब्रेरी ज्ञानपुर में छात्र-छात्राओं को साइबर धोखाधड़ी से बचने के तरीके और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी।
छात्रों को अनजान नंबरों से आने वाली कॉलों के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी गई। उन्हें सोशल मीडिया साइट्स का उपयोग करते समय विशेष सतर्कता बरतने और अनजान नंबरों से भेजे गए लिंक या APK फाइलों को न खोलने के बारे में बताया गया। इस दौरान जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।

विशेष रूप से, व्हाट्सएप कॉलिंग के माध्यम से पैसे की मांग, अनचाहे लिंक भेजकर मोबाइल हैक करने या किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी होने की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट cyber.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई।
इस साइबर जागरूकता कार्यक्रम में रीड वेल लाइब्रेरी के 100 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इसी क्रम में, जनपद के सभी थानों में गठित साइबर टीमें अपने-अपने थाना क्षेत्रों में जनचौपाल लगाकर यह जागरूकता अभियान चला रही हैं।
