बिजनौर में 5-21 जून तक चलेगा विकास और जनजागरण अभियान:'एक पेड़ मां के नाम' से शुरुआत, प्रभारी मंत्री कपिल देव ने अधिकारियों को दिए निर्देश


बिजनौर में प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित जिला प्रशासनिक समन्वय समिति एवं कोर कमेटी की बैठक में 5 से 21 जून तक चलने वाले विशेष जनजागरण अभियान की रूपरेखा तय की गई। मंत्री ने अधिकारियों को अभियान के सभी कार्यक्रमों की अग्रिम तैयारी, व्यापक प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियां जनकल्याण, सुशासन और विकास को समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, आधारभूत संरचना के विकास और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी विशेष अभियान के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि 5 जून से 21 जून तक चलने वाले इस 17 दिवसीय अभियान के दौरान जनपद में जागरूकता शिविर, विकास प्रदर्शनियां, जनकल्याणकारी कार्यक्रम और संवाद आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यक्रम की विस्तृत कार्ययोजना समय से तैयार कर ली जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के सफल संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। बैठक के बाद मंत्री ने बिजनौर स्थित इंदिरा पार्क में वन महोत्सव और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और पर्यावरण के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है। इस अवसर पर भूपेंद्र चौहान, ओम कुमार, इंदिरा सिंह, जसजीत कौर, अभिषेक झा, रणविजय सिंह और अंशिका दीक्षित सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *