![]()
ताजमहल पर पड़ रही भीषण गर्मी और उमस अब पर्यटकों की सेहत पर असर डालने लगी है। गुरुवार को ताजमहल भ्रमण के दौरान चार पर्यटकों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी, दस्त और लो ब्लड प्रेशर की शिकायत होने पर उन्हें पश्चिमी गेट पार्किंग स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। जानकारी के अनुसार बुलंदशहर निवासी पवन कुमार को भ्रमण के दौरान उल्टी होने लगी। वहीं दिल्ली के ओल्ड मुस्तफाबाद निवासी मोहम्मद उमर को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। महाराष्ट्र की पर्यटक रमाबाई का ब्लड प्रेशर अचानक लो हो गया, जिससे उन्हें चक्कर आने लगे। इसके अलावा लखनऊ निवासी अमित पाठक की भी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी की शिकायत हुई। पर्यटक सुविधा केंद्र पर तैनात चिकित्सकों ने सभी पर्यटकों की जांच कर आवश्यक दवाएं दीं। साथ ही शरीर में पानी की कमी को देखते हुए ओआरएस का घोल भी पिलाया गया। कुछ देर आराम और चिकित्सकीय निगरानी के बाद सभी की हालत में सुधार हुआ। डॉक्टरों के अनुसार तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं के कारण पर्यटकों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहर के समय स्मारक देखने आने वाले लोग गर्मी की चपेट में जल्दी आ रहे हैं। चिकित्सकों ने पर्यटकों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचाव करने और आवश्यक होने पर ही दोपहर के समय बाहर निकलने की सलाह दी है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से आगरा में गर्मी और उमस लगातार बढ़ रही है, जिसका असर आम लोगों के साथ-साथ ताजमहल पहुंचने वाले सैलानियों पर भी देखने को मिल रहा है।
Source link
ताज पर्यटकों को परेशान कर रही उमस भरी गर्मी:चार सैलानियों की बिगड़ी तबीयत, डिहाइड्रेशन और लो बीपी की हो रही समस्या