बेटे की सगाई के दो दिन बाद पिता की मौत:फर्रुखाबाद में अंतिम संस्कार से लौटते समय ऑटो-डीसीएम की टक्कर में गई जान


फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर हुए सड़क हादसे में 50 वर्षीय रईसुद्दीन की मौत हो गई। वह अपने परिवार के साथ एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी भटपुरा गांव के पास उनके ऑटो की डीसीएम से टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि रईसुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। देखिए तस्वीरें… घायलों में रईसुद्दीन की पत्नी नसरीन, बहू गुड्डन, ऑटो चालक अफसर, अमरीन पत्नी इरशाद और कामरान शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार नसरीन और ऑटो चालक अफसर की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने बताया कि रईसुद्दीन जयपुर में सिलाई का कार्य करते थे। वह अपने बेटे कामरान की सगाई में शामिल होने के लिए कुछ दिन पहले ही घर आए थे। मंगलवार को बेटे की सगाई संपन्न हुई थी और परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गईं। रईसुद्दीन अपने पीछे छह बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। उनकी सबसे बड़ी बेटी नगमा की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा इमरान जयपुर में कार्य करता है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद थाना अध्यक्ष ललित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। वहीं, घटनास्थल के पास दुकान चलाने वाले मुन्ना लाल राजपूत और अन्य लोगों ने घायलों की मदद करते हुए उन्हें एंबुलेंस तक पहुंचाने में सहयोग किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *