MDA का बुलडोजर एक्शन, 9 बीघा अवैध कॉलोनी ध्वस्त:वीआईपी रेजिडेंसी पर कार्रवाई, कृष्णा विहार कॉलोनी भी सील


मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (MDA) ने शामली में अवैध कॉलोनियों और प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। प्राधिकरण की टीम ने कैराना रोड स्थित लगभग 9 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया, जबकि एक अन्य कॉलोनी को सील कर दिया गया। प्राधिकरण के अनुसार कैराना रोड पर पंकज कुमार और महावीरी देवी द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ‘VIP Residency’ नाम से अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। इस संबंध में पहले भी नोटिस जारी किए गए थे और चालानी कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य और प्लॉटिंग नहीं रोकी गई। इसके बाद बुधवार को मुज़फ़्फ़रनगर विकास प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 9 बीघा क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से सड़कों, सीमांकन और अन्य निर्माण कार्यों को हटाया गया। इसके अलावा कैराना रोड पर ही बजाज ऑटो शोरूम के सामने वाली गली में स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया गया। प्राधिकरण का कहना है कि कॉलोनी का विकास भी बिना आवश्यक स्वीकृतियों के किया जा रहा था। यह कार्रवाई MDA की उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या के निर्देश पर की गई। मौके पर अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता समेत प्राधिकरण की टीम और स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा। MDA ने स्पष्ट किया है कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों और प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *