हमीरपुर में चलती बाइक से गिरी महिला की मौत:बेटे के साथ घर लौटते समय नींद आई, संतुलन खोकर सड़क पर गिरने से हादसा


हमीरपुर जिले में चलती बाइक से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। महिला अपने बेटे के साथ घर लौट रही थी। बताया जा रहा है कि रास्ते में उसे नींद का झोंका आ गया, जिससे वह बाइक से नीचे गिर गई। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। यह हादसा सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टिकरौली गांव के पास बुधवार शाम हुआ। यहां कुरारा थाना क्षेत्र में मिश्रीपुर गांव निवासी 50 वर्षीय सुशीला जो अपने बेटे ऋषभ के साथ टेढ़ा गांव से झाड़फूंक कराकर बाइक से घर लौट रही थीं। रास्ते में टिकरौली गांव के निकट पहुंचते ही बाइक के पीछे बैठी सुशीला को अचानक नींद का झोंका आ गया और वह संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़ीं। घटना के बाद ऋषभ उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के देवर बबलू ने बताया कि उनके बड़े भाई चन्द्रभूषण खेती-किसानी करते हैं। परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया से बचने के लिए शव को घर ले जाने का निर्णय लिया। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *