![]()
मुज़फ्फरनगर में बुधवार रात करीब 8:30 बजे असदनगर जंगल कट के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक रॉकी हत्याकांड का मुख्य आरोपी बादल तोमर पुलिस टीम को देखकर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के समय बादल के साथ उसकी मां रेणु भी मौजूद थी। पुलिस ने दोनों को घेरने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर रेणु मौके से फरार हो गई। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामला सिखेड़ा थाना क्षेत्र का है। गिरफ्तार बादल के कब्जे से पुलिस ने हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। इनमें वारदात में प्रयुक्त बताई जा रही काली स्कॉर्पियो, 315 बोर का तमंचा, कारतूस, खोखा, एक बैग और मृतक विकसित उर्फ रॉकी के दस्तावेज शामिल हैं। सिर को लेकर खुला सबसे बड़ा राज मुठभेड़ के बाद सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बादल से रॉकी के कटे हुए सिर के बारे में पूछताछ की। बादल ने बताया कि हत्या के बाद सिर को जौली क्षेत्र के पास गंगनहर में फेंक दिया गया था। इसके बाद पुलिस आरोपी को साथ लेकर मौके पर पहुंची और निशानदेही कराई। पुलिस ने संभावित स्थान को चिन्हित कर लिया है और अब सिर की बरामदगी के लिए विशेष सर्च अभियान चलाया जाएगा। ऐसे खुली थी हत्याकांड की परतें बेहड़ा अस्सा निवासी विकसित उर्फ रॉकी को 18 मई 2026 को उसकी कथित पत्नी रेणु अपने साथ ले गई थी। इसके बाद वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो उसके पिता मगन सिंह ने 30 मई को रेणु, उसके बेटे बादल, पुत्रवधू निशा और अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। एक जून को भोपा थाना क्षेत्र के कादीपुर जंगल में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार आरोपी मोंटी उर्फ अभि त्यागी ने पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा किया। उसने बताया कि रॉकी की हत्या बागपत के बड़ौत क्षेत्र में की गई थी। हत्या के बाद शव को स्कॉर्पियो में रखकर मुज़फ्फरनगर लाया गया और कादीपुर जंगल में सिर और धड़ अलग कर दिए गए। मोंटी की निशानदेही पर पुलिस ने खेत में दबा हुआ मानव धड़ बरामद कर लिया था, लेकिन सिर नहीं मिल सका था। अब बादल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को सिर की बरामदगी की नई उम्मीद जगी है। हत्या के पीछे तीन संभावित वजहें 2 जून को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया था कि जांच में हत्या के तीन संभावित कारण सामने आए हैं। पहला रेणु की संपत्ति को लेकर विवाद, दूसरा बादल और निशा की शादी के दौरान रेणु और रॉकी के संबंधों को लेकर रिश्तेदारों की टिप्पणियां और तीसरा बादल का रॉकी के प्रति पुराना विरोध। पुलिस जांच में रेणु, बादल, निशा, मोंटी उर्फ अभि त्यागी, शुभम समेत कई लोगों की भूमिका सामने आई है। पुलिस के अनुसार शुभम ने शव को ठिकाने लगाने में अहम भूमिका निभाई थी और अपने खेत में गड्ढा खुदवाकर धड़ को दबवाया था। मुख्य आरोपी बादल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि हत्याकांड से जुड़े बाकी राज भी जल्द सामने आएंगे। वहीं फरार रेणु, निशा और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
Source link
रॉकी हत्याकांड: मास्टरमाइंड बादल मुठभेड़ में गिरफ्तार:बोला- गंगनहर में फेंका था सिर, मां रेणु फरार; पुलिस चलाएगी विशेष सर्च अभियान