सौतेले पिता ने 4 साल की बच्ची को मार डाला:शव खेत में दफनाया, आरोपी गिरफ्तार; मां ने 9 ससुरालियों पर FIR दर्ज कराई


शाहजहांपुर में 4 मई को एक सौतेले पिता ने अपनी चार वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। आरोपी अखिलेश ने बच्ची के शव को कांट के मानपुर गांव स्थित अपने खेत में दफना दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी पत्नी की शिकायत पर कुल नौ लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गुरुवार को शव बरामद करने जाएगी। तिलहर क्षेत्र के गोबरसंडा गांव की निवासी दिव्यांशी ने बताया कि करीब चार महीने पहले उनका पति से तलाक हो गया था। इसके बाद उन्होंने कांट क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी अखिलेश से मंदिर में विवाह किया और अपनी चार साल की बेटी प्रिया के साथ उसके साथ रहने लगीं। कुछ समय पंजाब में रहने के बाद अखिलेश रामचंद्र मिशन क्षेत्र के तहवरगंज मुहल्ले में शमशाद के मकान में किराये पर रहने लगा। दिव्यांशी के अनुसार, अखिलेश उनके साथ मारपीट करता था और विरोध करने पर नशीले पदार्थ देता था। 4 मई की रात अखिलेश ने प्रिया की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। दिव्यांशी ने जब प्रिया को बचाने का प्रयास किया तो अखिलेश ने उन्हें भी पीटा। दिव्यांशी का आरोप है कि बेटी की मृत्यु के बाद अखिलेश उसे इलाज के बहाने कार से कांट के मानपुर गांव ले गया। वहां उसने अपने पिता सुरेंद्र और मां तारा की मौजूदगी में शव को खेत में दफना दिया। इसके बाद वह दिव्यांशी को फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज स्थित अपनी बहन रजनी के घर ले गया और कुछ दिन बाद अम्बाला चला गया। 27 मई को दिव्यांशी को मौका मिला तो उन्होंने अखिलेश के फोन से अपने पिता रामस्वरूप को पूरी जानकारी दी। इसके बाद उनके परिजन उन्हें मायके ले आए। दिव्यांशी ने बताया कि वह सदमे में थीं और 30 मई को कांट थाने में तहरीर दी। सुनवाई न होने पर उन्होंने एसपी से शिकायत की, जिसके बाद घटना रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र की होने के कारण वहीं प्राथमिकी दर्ज की गई। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि महिला की तहरीर पर पति अखिलेश, सास तारा, ससुर सुरेंद्र, जेठ मुन्ना, जेठानी रीता, देवर सुमित व अमित, ननद रजनी और ननदोई अनुज के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की गई है। उन्होंने पुष्टि की कि गुरुवार सुबह टीम मानपुर गांव जाएगी और बच्ची का शव बरामद करेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *