सहारनपुर में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया युवक:दुष्कर्म के आरोप में 14 दिन बाद गिरफ्तार, पोक्सो एक्ट में कार्रवाई


सहारनपुर पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में बुधवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। करीब दो सप्ताह पहले दर्ज हुए इस मामले में जांच के दौरान दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस के मुताबिक, यह मामला 20 मई को तब सामने आया जब एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई। थाना मंडी में शुरुआती तौर पर अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। हालांकि, विवेचना के दौरान पीड़िता के बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में बदलाव आया। जांच में सामने आए तथ्यों के बाद पुलिस ने मुकदमे में दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ दीं। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय की गईं और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। बुधवार को मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना मंडी पुलिस ने आरोपी दानिश को शिवधाम कॉलोनी क्षेत्र में एक टावर के पास से गिरफ्तार कर लिया। दानिश मंडी थाना क्षेत्र की मंशा कॉलोनी का निवासी है। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि महिला और बाल अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *