![]()
बाराबंकी की रामनगर तहसील में चौकाघाट रेलवे स्टेशन और गणेशपुर रेलवे बंद के पास वन विभाग के जंगल में मंगलवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वन विभाग द्वारा वर्षों की मेहनत से तैयार किए गए पौधे और हरे-भरे पेड़ इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते जंगल के बड़े हिस्से में धुआं और आग की लपटें फैल गईं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी, वनकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे। वन दरोगा सचिन पटेल ने तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब दो घंटे तक मौके पर नहीं पहुंच सकी। इस दौरान वन विभाग के दर्जनों कर्मचारी टहनियों और अन्य उपलब्ध साधनों से आग बुझाने का प्रयास करते रहे।
लगभग दो घंटे बाद दमकल की गाड़ी गणेशपुर रेलवे बंद के पास पहुंची। दमकल कर्मियों ने जहां तक पानी का पाइप पहुंच सका, वहां तक आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, जंगल के भीतर आग काफी दूर तक फैल चुकी थी और उसका स्वरूप विकराल हो गया था। सीमित पहुंच और संसाधनों के कारण दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं कर सके। कुछ देर प्रयास के बाद दमकल की गाड़ी और 112 पुलिस टीम वापस लौट गई, जबकि जंगल के भीतर कई स्थानों पर आग लगातार धधकती रही। वन विभाग के कर्मचारियों ने देर रात तक मोर्चा संभाले रखा और टहनियों के माध्यम से आग बुझाने का कार्य जारी रखा। आग की लपटों में छह फुट से अधिक ऊंचाई वाले कई पौधे और हरे-भरे पेड़ झुलस गए। वन क्षेत्र में फैली इस आग से पर्यावरण और वन संपदा को भारी नुकसान होने की आशंका है। वन दरोगा सचिन पटेल ने बताया कि विभाग के कर्मचारी लगातार आग बुझाने में जुटे हैं और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Source link
बाराबंकी वन क्षेत्र में लगी भीषण आग:घंटों तक धधकता रहा जंगल, वनकर्मी टहनियों से बुझाते रहे आग