![]()
महोबा जिले के चरखारी कोतवाली क्षेत्र में आर्थिक तंगी और पारिवारिक जिम्मेदारियों से परेशान एक युवा किसान ने आत्महत्या कर ली। करहरा खुर्द गांव निवासी 21 वर्षीय अरविंद पाल का शव उसके खेत में पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, अरविंद परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और साहूकारों के कर्ज के साथ-साथ अपनी छोटी बहन की शादी की जिम्मेदारी को लेकर लंबे समय से मानसिक तनाव में था। इसी दबाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। बताया गया कि अरविंद के पिता का निधन वर्ष 2005 में हो गया था। इसके बाद से वह अपनी मां, पत्नी, दो बहनों और एक वर्षीय पुत्री गुड़िया का पालन-पोषण चार बीघा खेती और मजदूरी के सहारे कर रहा था।
परिवार के मुताबिक, वर्ष 2020 में बड़ी बहन क्रांति की शादी के लिए अरविंद ने साहूकारों से करीब तीन लाख रुपये का कर्ज लिया था। उसे उम्मीद थी कि अच्छी फसल होने पर वह कर्ज चुका देगा, लेकिन लगातार फसल खराब होने के कारण आर्थिक संकट गहराता चला गया और कर्ज का बोझ बढ़ता गया। इसी बीच उस पर 18 वर्षीय छोटी बहन रचना की शादी की जिम्मेदारी भी आ गई। परिजनों का कहना है कि कर्ज और बहन की शादी की चिंता ने उसे लगातार मानसिक दबाव में रखा।
मृतक के मामा के बेटे राकेश और चाचा लाल सिंह ने बताया कि अरविंद अक्सर कर्ज चुकाने और बहन की शादी को लेकर चिंतित रहता था। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर चरखारी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि युवक की आत्महत्या की सूचना मिलने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
महोबा में 21 वर्षीय किसान ने की आत्महत्या:कर्ज और बहन की शादी के बोझ से परेशान था