गाजीपुर विनीत राय हत्याकांड: 5वें दिन भी आरोपी फरार:DIG ने चार आरोपियों पर 50-50 का इनाम घोषित किया, परिवार ने आत्मदाह की चेतावनी दी


गाजीपुर के चर्चित विनीत राय हत्याकांड में पांचवें दिन भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। वाराणसी रेंज के डीआईजी वैभव कृष्ण ने मामले के चारों नामजद आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से मृतक के परिजनों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने आत्मदाह तक की चेतावनी दी है। डीआईजी वैभव कृष्ण द्वारा जिन आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है, उनमें शंकर पाण्डेय, जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव, आलोक दुबे और कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी घटना के बाद से लगातार फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, और इनाम की घोषणा के बाद तलाश अभियान को और तेज कर दिया गया है। गाजीपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. राजा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस गाजीपुर और मऊ जिले के अलावा बिहार और झारखंड में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपियों के रिश्तेदारों और करीबियों के यहां भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है। मृतक विनीत राय के परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपियों के खिलाफ अब तक अपेक्षित कठोर कार्रवाई नहीं हुई है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचकर आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे। परिवार ने यह भी कहा है कि न्याय मिलने तक वे विनीत का तरही संस्कार भी नहीं करेंगे, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है। इस बीच, पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। डीजीपी ने भी साफ कर दिया है कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पिता और दोनों बेटों को निशाना बनाने की थी साजिश बदमाशों के निशाने पर सिर्फ विनीत राय नहीं, बल्कि बिंदु होटल मालिक आलोक राय और उनके दोनों बेटे भी थे। घटना वाले दिन हमलावर होटल पहुंचे थे, लेकिन उस समय आलोक राय वहां मौजूद नहीं थे। होटल पर केवल उनके दोनों बेटे विनीत राय और हैप्पी राय मौजूद थे। विनीत जैसे ही घर जाने के लिए निकले, हमलावरों ने होटल के गेट पर उन्हें घेरकर गोली मार दी। वहीं हैप्पी राय किसी काम से होटल के अंदर रुक गए थे, जिससे उनकी जान बच गई। वारदात के बाद हमलावरों ने होटल के सुरक्षा गार्ड को भी दौड़ा लिया, लेकिन उसने किसी तरह होटल के भीतर भागकर अपनी जान बचाई। इस घटना ने यह संकेत दिया है कि हमलावर बड़ी और सुनियोजित वारदात को अंजाम देने के इरादे से पहुंचे थे, लेकिन परिस्थितियों ने उनके मंसूबों को पूरी तरह सफल नहीं होने दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *