SP-Congress Alliance for UP 2027 Elections, Badaun MPs Statement

बदायूं11 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सपा और कांग्रेस के गठबंधन, रुहेलखंड की चुनावी स्थिति और बदायूं में बढ़ते अपराध जैसे मुद्दों पर बदायूं सांसद Aditya Yadav ने खुलकर अपनी राय रखी। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश:

सवाल: क्या 2027 विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस का गठबंधन रहेगा? कांग्रेस 150 सीटों की मांग कर रही है।

जवाब:राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav कई मंचों पर स्पष्ट कर चुके हैं कि 2027 के चुनाव में कांग्रेस के साथ हमारा गठबंधन बना रहेगा। दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेंगी। सीटों का बंटवारा कितना होगा और किस क्षेत्र में कौन चुनाव लड़ेगा, इसका फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। हमने यह जिम्मेदारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को दे रखी है। गठबंधन 100 प्रतिशत होगा।

सवाल: रुहेलखंड में सपा-कांग्रेस गठबंधन की क्या संभावनाएं हैं?

जवाब: रुहेलखंड से ही सपा और कांग्रेस भाजपा को रोकने की शुरुआत करेगी। जब Yogi Adityanath मुख्यमंत्री बने थे, तब उन्होंने कानून-व्यवस्था सुधारने का वादा किया था। लेकिन आज लूट, हत्या, व्यापारियों से वसूली और जमीन कब्जाने जैसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। अधिकारियों की नाक के नीचे अपराध हो रहे हैं। जनता का भरोसा टूट रहा है। यही कारण है कि 2027 में सपा भाजपा को करारा जवाब देने जा रही है।

सवाल: बदायूं में हाल के दिनों में लूट और डकैती की घटनाएं बढ़ी हैं। आप इसे कैसे देखते हैं?

जवाब: दिनदहाड़े सर्राफा बाजार में लूट जैसी घटनाएं चिंता का विषय हैं। मुझे याद है कि जब पिछले एसएसपी को हटाया गया था, तब सरकार ने कानून-व्यवस्था को कारण बताया था। लेकिन नई कप्तान के आने के बाद भी अपराध रुकते नजर नहीं आ रहे हैं।

सवाल: अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस को क्या करना चाहिए?

जवाब: मेरे हिसाब से समस्या शीर्ष स्तर पर नहीं है। थानों के स्तर पर कार्यशैली की समीक्षा की जरूरत है। कई जगह स्थानीय स्तर के अधिकारी अपराधियों और सट्टा कारोबारियों से मिले हुए दिखाई देते हैं, जिससे अपराध बढ़ रहा है। यदि एसएसपी इस दिशा में गंभीरता से काम करेंगी तो बदायूं में निश्चित रूप से बेहतर परिणाम दिखाई देंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *