![]()
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में बीएड अंक चार्ट में हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीएड सत्र 2008-09 के मूल चार्ट के पेज बदलकर एक अभ्यर्थी को लाभ पहुंचाने के आरोप में प्रधान सहायक एवं सत्यापन इंचार्ज शिव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कुलसचिव अजय मिश्रा ने सभी संबंधित अभिलेख सील कर जांच समिति गठित कर दी है। बरेली के व्यक्ति ने की शिकायत
बरेली निवासी एक व्यक्ति ने कुलसचिव को लिखित शिकायत भेजी। आरोप है कि शिव सिंह ने परीक्षा विभाग और चार्ट रूम में रखे बीएड 2008-09 के मूल चार्ट के पन्ने बदल दिए। शिकायतकर्ता का दावा है कि एक छात्र को फायदा पहुंचाने के लिए 5 लाख रुपये नकद लिए गए। शिकायत के साथ शमसाबाद के एनडी डिग्री कॉलेज और हाथरस के विजया डिग्री कॉलेज के चार्ट की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं। रिकॉर्ड सील, जांच समिति गठित
मामले की गंभीरता देखते हुए कुलसचिव ने तत्काल संबंधित चार्ट और रिकॉर्ड सील करा दिए। आरोपी प्रधान सहायक शिव सिंह को निलंबित कर दिया गया। पूरे प्रकरण की जांच के लिए समिति बना दी गई है जो रिकॉर्ड का परीक्षण कर रिपोर्ट सौंपेगी। आरोपी बोला- फंसाया जा रहा
निलंबित शिव सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है और जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
विवि में चार्ट और अंकतालिका में हेराफेरी कोई नई बात नहीं है। पहले भी कई बाबू पेज बदलने के आरोप में जेल जा चुके हैं। एसआईटी, सीबीसीआईडी और पुलिस पहले भी परीक्षा रिकॉर्ड और रोल नंबर जनरेशन की जांच कर चुकी हैं। एसआईटी जांच में कई फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए थे जिनके रोल नंबर बाद में जनरेट किए गए थे। ऐसे कई अभ्यर्थी शिक्षा विभाग में शिक्षक भी बन गए। ताजा मामले ने फिर विवि की रिकॉर्ड सुरक्षा और परीक्षा शाखा की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि आरोप सही निकले तो पूरी अभिलेखीय प्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग जाएगा। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
Source link
आंबेडकर विवि में बीएड अंक चार्ट में हेराफेरी:5 लाख लेकर पेज बदलने का आरोप, प्रधान सहायक निलंबित, कुलसचिव ने रिकॉर्ड सील कर जांच समिति गठित की