तिरुचिरापल्ली5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

विजयन ने मुख्यमंत्री बनने के बाद सोमवार को तिरुचिरापल्ली में अपनी पहली जनसभा की।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह में सूट पहनने को लेकर उठे सवालों का जवाब दिया। उन्होंने पूछा कि DMK और AIADMK को उनके सूट पहनने पर आपत्ति क्यों है।
विजय ने कहा, “मेरी राजनीति भी मेरे सूट की तरह ब्लैक एंड व्हाइट होगी। ये रंग साफ सोच और बिना किसी भ्रम के फैसले लेने का संदेश देते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद को मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि जनता का पहला सेवक मानते हैं।

विजय ने 10 मई को सूट पहनकर CM पद की शपथ ली। विपक्ष ने इसकी आलोचना की थी।
हॉर्स-ट्रेडिंग के आरोपों को खारिज किया
विजय ने विपक्ष के हॉर्स-ट्रेडिंग के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आने के बाद दोनों द्रविड़ दल DMK और AIADMK ने सत्ता हासिल करने के लिए हॉर्स-ट्रेडिंग की कोशिशें की थीं।
विजय ने आरोप लगाया कि DMK की पारिवारिक राजनीति उसकी चुनावी हार का बड़ा कारण बनी। उन्होंने कहा कि जनता अब नई राजनीति चाहती है और TVK उसी उम्मीद का प्रतिनिधित्व कर रही है।

विजय की स्पीच की 5 बातें…
- जिन लोगों ने कहा था कि वे हमारी सरकार को छह महीने का समय देंगे, वे छह दिन भी इंतजार नहीं कर सके। सरकार के गठन के तुरंत बाद विपक्ष ने आलोचना शुरू कर दी।
- अगर TVK की सरकार नहीं बनती तो पुरानी राजनीतिक व्यवस्था जारी रहती, लेकिन लोगों ने बदलाव के पक्ष में वोट दिया। जनता ने DMK और AIADMK की राजनीति को खारिज कर TVK को चुना है।
- TVK की जीत से पारंपरिक राजनीतिक दलों की पकड़ कमजोर हुई है। DMK बुरी ताकत है और AIADMK खत्म हो चुकी है। अब राज्य की राजनीति में असली मुकाबला TVK और DMK के बीच है।
- TVK को पहले ही चुनाव में जितना समर्थन मिला, वैसा समर्थन तमिलनाडु की राजनीति में कम देखने को मिला है। मेरी तुलना पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन से न करें। MGR, MGR हैं और मैं आपका विजय हूं। मैं अन्ना, पेरियार और MGR के दिखाए रास्ते पर काम करने आया हूं।
- TVK ने चुनाव में जाति, धर्म और पैसे के आधार पर वोट मांगने की राजनीति को चुनौती दी है। TVK सरकार सभी वर्गों के लिए काम करेगी और राज्य के अधिकारों तथा धर्मनिरपेक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
तिरुचिरापल्ली के वोटरों को दिया धन्यवाद
विजय ने तिरुचिरापल्ली ईस्ट विधानसभा के वोटर का आभार जताया। हालांकि चुनाव जीतने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफा देकर चेन्नई की पेरम्बूर सीट अपने पास रखी है, लेकिन उन्होंने कहा कि तिरुचिरापल्ली के लोग हमेशा उनके दिल के करीब रहेंगे।
विजय ने कहा- लोग मुझे पेरम्बूर का विधायक कहते हैं, लेकिन तिरुचिरापल्ली के लोगों से मेरा भावनात्मक रिश्ता है।
चुनाव में TVK की बड़ी जीत
23 अप्रैल को हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने 108 सीटें जीतीं। विजय ने दो सीटों- पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट से चुनाव लड़ा था और दोनों जगह जीत हासिल की थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट छोड़ दी और पेरम्बूर सीट अपने पास रखी।

——————————–
ये खबर भी पढ़ें…
विजय तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री बने:शपथ लेते वक्त स्पीच देने लगे तो राज्यपाल ने टोका; पहला ऑर्डर 200 यूनिट फ्री बिजली का

तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) चीफ और एक्टर से नेता बने सी जोसेफ विजय तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने रविवार सुबह 10.15 बजे तमिल में शपथ ली। इस दौरान राहुल गांधी भी मौजूद रहे। पूरी खबर पढ़ें…
