![]()
सुल्तानपुर के धनपतगंज थाना क्षेत्र के अतरसुमा कला गांव निवासी वरुण यादव (23) की सऊदी अरब में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सोमवार को उनका शव लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा, जिसके बाद परिजन उसे सुल्तानपुर ले आए। जिलाधिकारी के आदेश पर शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। मृतक के बड़े भाई अरुण यादव ने घटना को लेकर बताया कि वरुण दिसंबर 2023 में सऊदी अरब के रियाद शहर में ड्राइवर के वीजा पर गए थे। यह वीजा गांव के ही शैलेंद्र कुमार शर्मा ने दिलवाया था। वहां पहुंचने के बाद वरुण से ड्राइवर की जगह लेबर का काम कराया जाने लगा। हालांकि, वह हर महीने या दो महीने पर घर पैसे भेजते थे। 2025 में दो साल का वीजा पूरा होने पर वरुण ने इसे एक साल के लिए बढ़वा लिया था।
परिजनों को 11 मार्च को सूचना मिली कि मक्का में एक ट्रक से गिरने के कारण वरुण को चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद 27 या 28 मार्च को अस्पताल में उनकी हालत गंभीर हो गई और उनकी मृत्यु हो गई। अरुण यादव का कहना है कि उन्हें वरुण की मौत की जानकारी 28 मार्च को मिली, जबकि डेथ सर्टिफिकेट में मौत की तारीख 18 मार्च दर्ज है। तारीखों में इस अंतर और सूचना मिलने में हुई देरी के कारण परिजन मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध मान रहे हैं। परिजनों को यह भी स्पष्ट नहीं है कि सऊदी अरब में शव का पोस्टमार्टम हुआ था या नहीं, इसलिए वे भारत में दोबारा पोस्टमार्टम करवा रहे हैं। परिजनों ने इस संबंध में भारतीय दूतावास को पहले ही शिकायत और जानकारी दे दी है। उन्होंने शासन और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और न्याय दिलाने की मांग की है। मृतक के भाई ने बताया कि उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वरुण ही घर की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने सरकार से वित्तीय सहायता की भी गुहार लगाई है।
Source link
सुल्तानपुर के युवक की सऊदी अरब में मौत:ढाई महीने बाद शव घर पहुंचा, DM के आदेश पर दोबारा हुआ पोस्टमार्टम