मथुरा में तहसील परिसर में अधिवक्ता-नायब तहसीलदार में चले लात-घूंसे:दाखिल-खारिज फाइल को लेकर विवाद, बाद में समझौता


मथुरा की सदर तहसील परिसर में सोमवार दोपहर एक दाखिल-खारिज फाइल को लेकर अधिवक्ता और नायब तहसीलदार के बीच विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान जमकर लात-घूंसे चले। इस अचानक हुई घटना से तहसील परिसर में मौजूद फरियादियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अधिवक्ता वहां से जा चुके थे। तीखी बहस, धक्का-मुक्की और मारपीट जानकारी के अनुसार, अड़ींग निवासी अधिवक्ता दीपचंद यादव किसी कार्य से सदर तहसील पहुंचे थे। इसी दौरान वृंदावन सर्किल का कार्य देख रहे नायब तहसीलदार प्रशांत सिंह से दाखिल-खारिज की एक फाइल को लेकर उनकी कहासुनी हुई। पहले तीखी बहस हुई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई। मारपीट के बाद नायब तहसीलदार प्रशांत सिंह ने पूरे मामले की शिकायत एसडीएम सदर से करते हुए कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और अधिवक्ताओं से बातचीत शुरू की। प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हुई बातचीत एसडीएम सदर आदेश कुमार ने बताया कि दाखिल-खारिज की फाइल को लेकर अधिवक्ता और नायब तहसीलदार के बीच कहासुनी हुई थी, जो हाथापाई तक पहुंच गई। अधिकारियों की मध्यस्थता और अधिवक्ताओं तथा प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हुई बातचीत के बाद मामला शांत हो गया और आपसी सहमति से समझौता कर लिया गया। फिलहाल स्थिति सामान्य है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *